India Has Strong Record Against Pakistan In The T20 World Cup: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिस मैच का फैंस को सबसे ज्यादा इंतजार था, उस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को रौंदकर सुपर 8 में जगह बना ली है. भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया है. टीम इंडिया के गेंदबाजों ने पाक टीम को 114 रनों पर ढेर कर दिया. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे.
यह जीत टीम इंडिया की टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान पर आठवी जीत थी. अब तक दोनों टीमों के बीच टी-20 में 9 मुकाबले खेले हैं जिसमें भारत ने आठ और पाकिस्तान ने एकमात्र मैच जीता है. टीम इंडिया सिर्फ एक बार पाकिस्तान से हारी है. ये मैच 2021 टी20 वर्ल्ड कप में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीता था. आइए आपको बताते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप में जब भी भारत-पाकिस्तान की टीमें भिड़ी हैं, तब क्या हुआ और कौन प्लेयर ऑफ द मैच रहा है?
1. 2007 टी20 वर्ल्ड कप
ग्रुप स्टेज : टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बॉल आउट में हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: रॉबिन उथप्पा
साल 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप खेला गया था. पहले ही वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज के 10वें मैच में भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच भिड़ंत हुई थीं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने रॉबिन उथप्पा के अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए. इसके जवाब में, पाकिस्तान की टीम भी 20 ओवर में सात विकेट पर 141 रन ही बना सकी थी, जिसमें मिस्बाह उल हक ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए थे. उस वक्त सुपर ओवर नहीं, बल्कि उसकी जगह बॉल आउट होता था, जिसमें दोनों टीमों की ओर से एक-एक करके पांच बार गेंदबाजों को विकेट पर हिट करना था.
2. 2007 टी20 वर्ल्ड कप
फाइनल : पाकिस्तान को पांच रन से हराकर भारत बना था वर्ल्ड चैंपियन
प्लेयर ऑफ द मैच: इरफान पठान
2007 टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज मुकाबले के बाद फाइनल में भी दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी. इस खिताबी मुकाबले में भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. गौतम गंभीर के 54 बॉल पर 75 रन और रोहित शर्मा के 16 बॉल पर 30* रन की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर कुल 157 रन बनाए. जवाब में, पाकिस्तान की टीम ने 141 रन तक 9 विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, मिस्बाह उल हक तब क्रीज पर थे और आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीतने के लिए 13 रन की जरूरत थी. आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने आए जोगिंदर शर्मा की दूसरी बॉल पर मिस्बाह ने छक्का लगाया. तीसरी बॉल पर उन्होंने फाइन लेग पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, पर बॉल में स्पीड कम होने के कारण बॉल बाउंड्री लाइन क्रॉस नहीं कर पाई और श्रीसंत के हाथों में चली गई और भारत ने ये मैच पांच रन से अपने नाम कर लिया था.
3. 2012 टी20 वर्ल्ड कप
सुपर-8 : पाकिस्तान को टीम इंडिया ने 8 विकेट से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: विराट कोहली
टी20 वर्ल्ड कप के पहले संस्करण में भारत के वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद इस टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में पाकिस्तान वर्ल्ड चैंपियन बनी थी. इसमें भारत से पाक टीम का सामना नहीं हुआ था, वहीं, 2010 वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमें नहीं भिड़ीं थीं. साल 2012 में भारत और पाकिस्तान का सुपर-8 राउंड में मुकाबला हुआ. पाकिस्तान टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन पर ऑल आउट हो गई. जवाब में टीम इंडिया ने लक्ष्य को 17वें ओवर में हासिल कर लिया था. विराट कोहली 61 बॉल पर 78 रन बनाकर नॉट आउट रहे थे. वीरेंद्र सहवाग ने 29 रन और युवराज सिंह ने 19 रन की नाबाद पारी खेली थी.
4. 2014 टी20 वर्ल्ड कप
ग्रुप स्टेज : टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: अमित मिश्रा
भारत और पाकिस्तान का सामना 2014 टी20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर से हुआ. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 130 रन बनाए. जवाब में, टीम इंडिया ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था. इस मुकाबले में विराट कोहली ने 36 रन और सुरेश रैना ने 35 रन की पारी खेली थी, जबकि गेंदबाजी में अमित मिश्रा ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे.
5. 2016 टी20 वर्ल्ड कप
सुपर-10 : भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: विराट कोहली
भारत और पाकिस्तान की टीम 2016 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-10 राउंड में भिड़ीं थी. इस मुकाबले को बारिश की वजह से 18 ओवर का ही कर दिया गया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 118 रन बनाए. जवाब में, टीम इंडिया ने 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद विराट कोहली ने 37 बॉल पर नाबाद 55 रन और युवराज सिंह ने 23 बॉल पर 24 रन की पारी खेली और मैच को छह विकेट से जीत लिया था.
6. 2021 टी20 वर्ल्ड कप
सुपर-12 : पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: शाहीन अफरीदी
टी20 वर्ल्ड कप में पांच साल बाद 2021 में भारत और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने हुईं थी. इस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ पहली बार जीत हासिल की. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में ही टीम इंडिया ने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे. कप्तान विराट कोहली के अर्धशतक की बदौलत भारत ने 151 रन बनाए. जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी की और पाक टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे. रिजवान ने नाबाद 79 और बाबर ने नाबाद 68 रन बनाए. इन दोनों की अर्धशतकीय पारी की दम पर पाकिस्तान ने ये मैच 10 विकेट से जीता था.
7. 2022 टी20 वर्ल्ड कप
सुपर-12 : भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: विराट कोहली
टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर-12 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया था. मेलबर्न में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए. जवाब में भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया था. विराट कोहली टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे. उन्होंने 53 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 82 रन की बेहतरीन पारी खेली थी. इस पारी के लिए विराट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
8. 2024 टी20 वर्ल्ड कप
ग्रुप स्टेज : टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया
प्लेयर ऑफ द मैच: जसप्रीत बुमराह
भारत ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के रोमांचक मुकाबले में 6 रन से हराया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 19 ओवर में 119 रन पर सिमट गई थी. जवाब में, पाकिस्तान की टीम काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी और 14वें ओवर में पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 80 रन था, लेकिन इसके बाद मैच भी पलट गया था. 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए और इफ्तिखार का विकेट भी लिया. 20वें ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे. हालांकि, अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 11 रन खर्च किए और इमाद वसीम का विकेट चटकाया था. भारत की ओर से ने तीन विकेट लेने वाले बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
Previous Article
IND vs PAK: टीम इंडिया के इन 5 खिलाड़ियों ने तोड़ा पाकिस्तान का घमंड, बने जीत के हीरो
Next Article
IND VS PAK: पाकिस्तान को रौंदकर सूर्यकूमार यादव ने भरी हुंकार, कहा- 'बहुत अच्छा लगा कि...'